Sorting by

×




मेरठ के गंगानगर इलाके में गुरुवार रात बिजली आपूर्ति ठप होने का फायदा उठाकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी से लूट कर दी। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर व्यापारी से रुपये से भरा बैग छीन लिया और गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक बैग में करीब 75 हजार रुपये थे। वारदात के बाद व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे भाग निकले। शिवलोक कॉलोनी निवासी विपिन कुमार रस्तौगी की गंगानगर की तिलकपुरम कॉलोनी में गणपति किराना स्टोर के नाम से दुकान है। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि विपिन कुछ समझ पाते, बदमाश उनके हाथ में मौजूद थैला छीनने लगे। विपिन ने बदमाशों का विरोध किया तो उनमें से एक ने तमंचा निकाल लिया। उसने व्यापारी को गोली मारने की धमकी दी। हथियार देखते ही विपिन सहम गए और उन्होंने थैला बदमाशों के हवाले कर दिया। बैग लेकर बदमाश बाइक से कुछ दूर आगे बढ़े तो विपिन ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे तेजी से फरार हो गए। बिजली गुल होने से पसरा था अंधेरा
व्यापारी के साथ हुई वारदात के दौरान इलाके में विद्युत आपूर्ति बंद थी। सड़क और आसपास का इलाका अंधेरे में डूबा हुआ था। माना जा रहा है कि बदमाशों ने इसी का फायदा उठाया। अंधेरे के कारण व्यापारी और आसपास के लोग बदमाशों की बाइक और उनके हुलिये को ठीक से नहीं देख सके। वारदात के बाद बदमाश सुरक्षित निकल गए। सेल्समैन को देने थे 75 हजार रुपये
विपिन ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 75 हजार रुपये थे। यह रकम सेल्समैन को दी जानी थी, लेकिन गुरुवार को सेल्समैन दुकान पर नहीं आया। इसी वजह से वह रकम रात में अपने साथ घर लेकर जा रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस लूट मानने को तैयार नहीं
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी से जानकारी ली। हालांकि पुलिस इस घटना को लूट मानने से फिलहाल इनकार कर रही है। पुलिस मामले को चोरी की धाराओं में दर्ज करने की तैयारी में है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। एसएचओ बोले- शुक्रवार को देखेंगे कैमरे एसएचओ विनय कुमार के मुताबिक शुक्रवार सुबह पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी। बदमाशों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने वाले रास्ते का भी पता लगाया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों की फुटेज से बाइक सवार बदमाशों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते है। फिलहाल व्यापारी के साथ हुई इस वारदात ने गंगानगर क्षेत्र की रात की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली गुल होने के दौरान अंधेरे में हुई वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *