![]()
महराजगंज सदर तहसील क्षेत्र के बागापार चौराहे पर स्थित साधन सहकारी समिति की भूमि के अभिलेखों में पुलिस चौकी का नाम दर्ज होने का विरोध किया गया। रविवार को ग्रामीणों और किसानों ने प्रदर्शन कर पुलिस चौकी का नाम निरस्त कर समिति का नाम दर्ज कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि आराजी संख्या 1942, रकबा 0.089 हेक्टेयर में करीब 40 वर्षों से साधन सहकारी समिति संचालित है। यह समिति न्याय पंचायत के लगभग 10 गांवों के किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराती है और धान तथा गेहूं की सरकारी खरीद भी करती है। आरोप है कि वर्ष 2023 में समिति परिसर की 0.032 हेक्टेयर भूमि पर पुलिस चौकी के लिए बोर्ड लगाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, 6 दिसंबर 2020 को तत्कालीन ग्राम प्रधान ने पुलिस चौकी के पक्ष में प्रस्ताव दिया था। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर भूमि का नाम सुधारने की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस मामले का शीघ्र समाधान करने की अपील की। इस अवसर पर रण विजय चौधरी, जनार्दन तिवारी, रमेश तिवारी, राजकुमार प्रजापति, दिलीप कुमार, उदयभान पांडे, दिवाकर वर्मा सहित कई ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे।
Source link