![]()
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में सोमवार रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मानिकपुर मोड़ स्थित विष्णु पेट्रोल पंप के पास रात करीब 8 बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान 55 वर्षीय प्रमोद पाल, पुत्र गुलजारी लाल, निवासी ग्राम नगला गिरद्र, थाना लवेदी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रमोद पाल सोमवार शाम करीब 7 बजे साइकिल से अपनी सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पहुंचाई मदद हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) सैफई रेफर कर दिया। परिवार का सहारा हैं प्रमोद पाल परिजनों के मुताबिक, प्रमोद पाल सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link