![]()
बांदा के बिसंडा थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 8,900 रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन निवासी रमाशंकर पुत्र देशराज ने 15 अगस्त 2025 को अपने घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, रावथोक, ओरन निवासी रानी पत्नी हरिनारायण ने 4 जुलाई 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा घर में चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बिसंडा पुलिस ने ग्राम बाघा गल्ला मंडी के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माताप्रसाद उर्फ भैरम पुत्र चुन्नू और सुमेर पुत्र भैयालाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बिसंडा थाना क्षेत्र के देशराज का पुरवा, मजरा ओरन के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उनका जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।
Source link