![]()
बलरामपुर के पूरबटोला स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता करने और जबरन उपकेंद्र बंद कराकर बिजली आपूर्ति ठप करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। नई बस्ती वार्ड के सभासद शुभम चौधरी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना 5 और 6 जुलाई की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे हुई, जब नई बस्ती क्षेत्र की एलटी लाइन का एक फेस कट जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के विद्युत वितरण उपखंड-प्रथम के उपखंड अधिकारी की तहरीर के अनुसार, विभाग का लाइन स्टाफ फॉल्ट ठीक करने मौके पर पहुंचा, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और उन्हें लाइन जोड़ने नहीं दिया। स्थिति बिगड़ने पर अवर अभियंता ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस सहायता मांगी। पुलिस की मौजूदगी में भी कर्मचारियों को मरम्मत कार्य नहीं करने दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे नई बस्ती वार्ड के सभासद शुभम चौधरी अपने कई साथियों के साथ पूरबटोला विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और वहां तैनात कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए उपकेंद्र को जबरन बंद करा दिया। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप इस कारण जिला मुख्यालय के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति लगभग आधे घंटे तक पूरी तरह बाधित रही। बाद में विभागीय अधिकारियों के प्रयासों से आपूर्ति बहाल की जा सकी। तहरीर में यह भी बताया गया है कि 27 जून को मोहर्रम पर्व के दौरान भी ऐसी ही घटना हुई थी। जिला प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई थी। पर्व समाप्त होने के बाद आपूर्ति बहाल करते समय भी कुछ लोगों द्वारा कर्मचारियों से अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। विद्युत विभाग का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने में कठिनाई हो रही है और कर्मचारियों में भय का माहौल है। विभाग ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली नगर पुलिस ने उपखंड अधिकारी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link