![]()
बदायूं में प्रस्तावित ‘सफायर नाइट क्लब’ से जुड़े बताए जा रहे अश्लील डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में फिल्मी गानों पर युवतियां डांस करती दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ लोग नोट लहराते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों के मादक पदार्थ का सेवन करते हुए दिखने का भी दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसका विरोध कर रहे हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुरा स्थित सिटी मॉल का बताया जा रहा है। इस मॉल में कई ब्रांडेड शोरूम, डेली नीड्स की दुकानें और मल्टीप्लेक्स संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में परिवार और आम लोग पहुंचते हैं। इसी परिसर में जल्द ‘सफायर नाइट क्लब’ शुरू करने की तैयारी चल रही है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ऐसे किसी नाइट क्लब के संचालन की फिलहाल अनुमति नहीं दी गई है। वायरल वीडियो को इसी प्रस्तावित नाइट क्लब का बताया जा रहा है। वीडियो में तेज संगीत पर युवतियों के डांस के दौरान कुछ लोग नोट दिखाते नजर आ रहे हैं। इसको लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। सिटी मॉल भवन के मालिक प्रतीश गुप्ता का कहना है कि यह एक निजी कार्यक्रम था। उन्होंने बताया कि भविष्य में नाइट क्लब शुरू करने की योजना जरूर है, लेकिन उसके लिए नियमानुसार अलग से अनुमति ली जाएगी। उधर, सदर कोतवाल संजय सिंह ने कहा कि उन्हें अश्लील डांस की जानकारी नहीं है। यदि वायरल वीडियो सही पाया जाता है और किसी प्रकार का नियम उल्लंघन या अश्लीलता सामने आती है तो जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
Source link