![]()
सेन पश्चिम पारा पुलिस ने स्वर्ण जयंती विहार सेक्टर-सात स्थित बंद मकान में हुई चोरी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी हिमांशु गौतम को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे नगवां बंबा रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो लाख रुपये कैश और एक तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हिस्से में मिली ज्वैलरी नयागंज के एक ज्वैलर्स को बेच दी थी। उससे मिली रकम से ही उसने तमंचा खरीदा था। डीसीपी साउथ ने बताया कि आरोपी हिमांशु ही पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड था। 19 जून को वारदात को दिया था अंजाम डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 19 जून को पीड़िता हेमलता वर्मा के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर जेवर और नकदी पार कर ले गए थे। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में लाल-काली स्कूटी से आए दो संदिग्ध युवकों की पहचान यक्ष ऐप की मदद से गुजैनी मायापुरम कच्ची बस्ती निवासी अंशू पासी और कर्रही रोड निवासी हिमांशु गौतम के रूप में हुई। पुलिस तीन जुलाई को अंशू पासी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि हिमांशु फरार था। मंगलवार रात पुलिस ने हिमांशु को नगवां बंबा रोड से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर दो लाख रुपये और तमंचा बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की ज्वैलरी बेचकर मिली रकम से उसने हथियार खरीदा था। वहीं, जेल गए अंशू पासी ने गोविंद नगर के एक ज्वैलर्स को जेवर बेचे थे, जिससे मिली रकम से वह प्रेमिका को लेकर गोवा घूमने गया था। डीसीपी ने बताया कि दोनों ज्वैलर्स की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Source link