![]()
फर्रुखाबाद में कानपुर से आई एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को विद्युत निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) और सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) को किसान से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर नलकूप कनेक्शन कराने के नाम पर किसान से रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद विद्युत निगम के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामला कमालगंज विकासखंड क्षेत्र के गुगोरा गांव का है। गांव के एक किसान को खेत में नलकूप कनेक्शन लेना था। आरोप है कि याकूतगंज विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई ने कनेक्शन के नाम पर किसान से 10 हजार रुपए की मांग की थी। परेशान किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। रुपए देने पहुंचा किसान, टीम ने दबोचा शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच शुरू की। बुधवार को किसान को तय योजना के तहत रिश्वत की रकम लेकर विद्युत उपकेंद्र भेजा गया। जैसे ही किसान ने जेई और एसएसओ को रुपये दिए, पहले से मौजूद टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को फतेहगढ़ कोतवाली ले गई। यहां उनसे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दो दिन से निगरानी कर रही थी टीम बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन टीम पिछले दो दिनों से जेई की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। टीम के सदस्य पहले भी जिले में पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा चुके थे। बुधवार को पुख्ता योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जेई और एसएसओ की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही विद्युत निगम के कई कर्मचारी पहले याकूतगंज विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। इसके बाद कर्मचारी फतेहगढ़ कोतवाली भी पहुंच गए। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच मामले को लेकर चर्चा होती रही।
Source link