![]()
फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा स्थित बीबीगंज ठाकुरद्वारा में एक नींबू-करौंदे के बाग में जहरीला रसेल वाइपर सांप मिला। वन विभाग और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। विजय शाक्य नींबू तोड़ने के लिए बाग में गए थे। उन्होंने पेड़ के नीचे एक जहरीले सांप को देखा, जिससे वे घबरा गए और तुरंत सभासद जयवीर शाक्य को सूचित किया। सभासद जयवीर शाक्य ने तत्काल बीबीगंज चौकी और वन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बीबीगंज चौकी से कांस्टेबल विनीत चौधरी, नितिन कुमार और नरेश मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। नींबू और करौंदे के घने पेड़ों के कारण टीम को बाग के अंदर जाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। लंबी मशक्कत के बाद, वन विभाग की टीम ने स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ आशीष और चंदन की मदद से जहरीले सांप को पकड़ लिया। विजय शाक्य ने बताया कि सांप तीन-चार घंटे तक वहीं रहा, जिससे उन्हें शक हुआ और उन्होंने अन्य लोगों को बुलाया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़ा। वन विभाग के कर्मचारी आशीष ने पुष्टि की कि पकड़ा गया सांप एक रसेल वाइपर है। उन्होंने बताया कि सांप को सुरक्षित रूप से राम गंगा के आगे जंगल में छोड़ा जाएगा।
Source link