![]()
जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर सराफा व्यवसायी की दुकान पर लूटपाट का प्रयास करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यह घटना 19 जुलाई को गोपालापुर पुरानी बाजार में हुई थी। बदमाशों ने सराफा व्यवसायी दिनेश चंद्र बरनवाल की दुकान पर खुद को आयकर अधिकारी बताकर मारपीट की और लूटपाट का प्रयास किया था। घटना के बाद भाग रहे तीन बदमाशों को व्यापारियों और ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। उनके कब्जे से एक बोलेरो वाहन और लूटी गई लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई थी। पुलिस ने उसी शाम एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में सिकरारा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी होमगार्ड राजेश उपाध्याय भी शामिल था। घटना के समय वह पीआरवी ड्यूटी पर तैनात था। होमगार्ड कमांडेंट दिनेश ढींगरा ने बताया कि आरोपी होमगार्ड राजेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले का मुख्य सरगना, सिकरारा थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गुलजारगंज निवासी जितेंद्र कुमार सिंह, घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी जितेंद्र कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Source link