Sorting by

×




जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम अटके हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की लगातार छह चेतावनियों के बावजूद आंतरिक, सेशनल और प्रायोगिक के अंक अब तक पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं। इस गंभीर स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सोमवार को छठवां और अंतिम निर्देश जारी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लंबित अंक 8 जुलाई तक हर हाल में विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएं। परीक्षा नियंत्रक ने चेतावनी दी कि 8 जुलाई के बाद पोर्टल पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद परीक्षा परिणाम में होने वाली किसी भी देरी के लिए संबंधित महाविद्यालय स्वयं जिम्मेदार होगा। विश्वविद्यालय लगातार परीक्षा परिणाम घोषित कर रहा है, लेकिन अनेक महाविद्यालयों की लापरवाही से यह प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। बार-बार निर्देश जारी होने के बावजूद अंकों का अपलोड न किया जाना प्रशासनिक उदासीनता दर्शाता है। इस बीच, विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले मेधावियों की सूची जारी की जानी है, लेकिन कई पाठ्यक्रमों के अंक लंबित होने के कारण यह प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों को स्पष्ट संदेश दिया है कि यह अंतिम अवसर है। यदि निर्धारित समय सीमा तक अंक अपलोड नहीं किए गए और इसके कारण परीक्षा परिणाम या स्वर्ण पदक सूची प्रभावित होती है, तो इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित महाविद्यालय प्रशासन की होगी। अंतिम तिथि बीतने के बाद किसी भी प्रकार का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *