![]()
सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चोरों ने पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाया। बेखौफ बदमाश दुकान का शटर दीवार से उखाड़कर अंदर घुसे और नकदी के साथ चांदी के बर्तन तथा डीवीआर चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महोली कोतवाली क्षेत्र की मास्टर कॉलोनी निवासी आनंद रस्तोगी, पुत्र देवीचरण रस्तोगी, पिछले करीब 15 वर्षों से पिसावां कस्बे में मंसाराम पांडे की किराये की दुकान में सोने-चांदी का कारोबार कर रहे हैं। सोमवार रात करीब दो बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नकदी, चांदी के बर्तन और डीवीआर चोरी चोर दुकान से नकदी के अलावा चांदी के दो चम्मच, दो कटोरी, एक गिलास, एक छोटा लोटा और दुकान में लगा डीवीआर भी अपने साथ ले गए। वारदात के बाद दुकान में सामान बिखरा मिला। बदमाशों ने चोरी से पहले पड़ोस में रहने वाले राम प्रसाद के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि, पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है। तहरीर के बाद जांच में जुटी पुलिस मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकानदार ने पिसावां थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link