![]()
मेरठ में गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में एक कार में सवार पांच युवक हाथों में चाकू, पिस्टल और तलवार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कार के अंदर पुलिस की एक टोपी भी नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात एक इंस्पेक्टर के बेटे और उसके साथियों का है। इस युवक से जुड़े कई धमकी भरे ऑडियो भी सामने आए हैं, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है। 2 तस्वीर देखिए… जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में युवक खुलेआम चाकू लहराते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, जिनमें यह भी शामिल है कि वीडियो में दिख रहा युवक हाल ही के एक विवाद से जुड़ा है। इसी बीच, मंगलवार को एसएसपी आवास के पास इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात इंस्पेक्टर बसंत सिंह अधिकारी के बेटे रिषिम सिंह अधिकारी पर हमले के प्रयास की घटना भी सामने आई। रिषिम ने बताया कि जब वह गांधी बाग की ओर जा रहे थे, तभी एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ी पीछे करने पर एक युवक ने उनकी कार के पिछले हिस्से पर हमला कर दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस अब वायरल वीडियो, कथित ऑडियो और हमले की इस घटना के बीच किसी संभावित संबंध की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link