![]()
अमेठी में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। मामला रामगंज थाना क्षेत्र के छीड़ा गांव का है। जानकारी के अनुसार, प्राची तिवारी ने करीब छह साल पहले मिर्जापुर के बीघापुर निवासी अजय प्रताप तिवारी से प्रेम विवाह किया था। प्राची पिछले करीब एक महीने से अपने मायके छीड़ा में रह रही थी। बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे अजय अपनी ससुराल पहुंचा था। यहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद अजय ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पीआरवी 6907 मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मदद से अजय को प्रतापगढ़ के कोहरौड़ स्थित सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। रामगंज थाना प्रभारी रामराज कुशवाहा ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से युवक के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
Source link