![]()
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में पहले रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही बाइक चोरी कर लेते थे। चोरी के वाहनों को एक जगह छिपाकर रखा जाता था। 5 जुलाई को दर्ज हुई शिकायत
एडीसीपी ने बताया कि 5 जुलाई को सेक्टर-50 से एक बाइक चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से मंगलवार को देर रात सेक्टर-50 बिजलीघर के पास से बलिन्दर (23) और विवेक (19) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की कई वारदात करने की बात बताई। चार मोटर साइकिल थानों से कनेक्ट
जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं। इनमें से चार मोटरसाइकिलों के संबंध में पहले से सेक्टर-49, सेक्टर-20, फेस-3 और सेक्टर-39 थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। बाकी वाहनों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। ऐसे करते थे वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में पहले रेकी करते थे। बिना सुरक्षा वाले स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी करते जहां सीसीटीवी नहीं लगे होते थे। और उन्हें एक सुरक्षित जगह पर छिपा देते थे। सही ग्राहक मिलने पर चोरी की बाइक कम कीमत में बेचकर मुनाफा कमाते थे। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला
गिरफ्तार आरोपी बलिन्दर के खिलाफ पहले आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जबकि विवेक के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा चोरी की अन्य वारदातों में इनकी क्या भूमिका रही है।
Source link