![]()
सेक्टर-122 स्थित जनता फ्लैट में चौथी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए छह वर्षीय मासूम की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना दो अगस्त की है। गंभीर हालत में बच्चे को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पांच अगस्त को उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया है। अब मृतक की मां की शिकायत पर मंगलवार को सेक्टर-113 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुलंदशहर की रहने वाली शालू पिछले कई वर्षों से सेक्टर-122 स्थित जनता फ्लैट में अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। उनके पति अलीगढ़ में रहते हैं। पति-पत्नी इस समय अलग-अलग रह रहे हैं। पड़ोसियों ने दी जानकारी शालू घरों में काम करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं। दो अगस्त की सुबह भी वह रोज की तरह करीब छह बजे काम पर चली गई थीं। उस समय उनका छह वर्षीय बेटा दक्ष घर पर था। शालू के घर से निकलने के कुछ समय बाद एक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनका बेटा दक्ष जमीन पर गिरा हुआ है और गंभीर रूप से घायल है। दिल्ली किया गया रेफर सूचना मिलते ही शालू घबराकर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में दक्ष को अस्पताल पहुंचाया। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली के अस्पताल में बच्चे का उपचार चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद पांच अगस्त को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद मां ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मां की शिकायत पर मुकदमा सेक्टर-113 थाना प्रभारी ने बताया कि मां की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बच्चे के चौथी मंजिल से गिरने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
Source link