Sorting by

×




समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने भाजपा पर बड़ा राजनीतिक हमला बोलते हुए दावा किया कि अगर उत्तर प्रदेश में अगली बार भी भाजपा की सरकार बनी तो 2029 का लोकसभा चुनाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की योजना बना रही है। इसके बाद देश में राजतंत्र जैसी व्यवस्था लागू कर एक व्यक्ति को 25 से 30 साल तक राष्ट्राध्यक्ष बनाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने चीन और रूस का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा उसी तरह की व्यवस्था देश में लागू करना चाहती है। लाल बिहारी यादव सोमवार को बरेली स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा, ईवीएम, संविधान और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े राजनीतिक बयान दिए। राम मंदिर से लूटा सोना, चांदी और रुपया चुनाव में बांटेगी भाजपा नेता प्रतिपक्ष बड़ा बयान देते हुए कहा कि राम मंदिर में जो हजारों करोड़ का सोना, चांदी और रुपया लूटा गया है उसे भाजपा चुनाव में इस्तेमाल करेगी। वो जनता को रूपये बांटेगी। लेकिन हमे इस बात का ध्यान रखना है और गांव-गांव जाकर जनता को इस बारे में बताना है। शिक्षक एमएलसी चुनाव को बताया सेमीफाइनल नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के 72 जिलों में होने वाला शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव सिर्फ एक सामान्य चुनाव नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है। उन्होंने कहा कि छह शिक्षक और पांच स्नातक सीटों पर होने वाला यह चुनाव कार्यकर्ताओं की परीक्षा है। इसके तुरंत बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा का फाइनल मुकाबला होगा, इसलिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश हर शिक्षक तक पहुंचाया जाए। शिक्षक समाज की समस्याओं को लेकर पार्टी की ओर से तैयार सामग्री भी कार्यकर्ताओं के बीच वितरित करने के निर्देश दिए। बैलेट पेपर पर हो रहे चुनाव का दिया हवाला, EVM पर भी कही बड़ी बात लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर समाजवादी पार्टी बैलेट पेपर से होने वाला यह चुनाव भी नहीं जीत पाती, तो भविष्य में ईवीएम पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार कमजोर पड़ जाएगा। उन्होंने कहा, “जब बैलेट पेपर से चुनाव जीत नहीं पाएंगे तो फिर ईवीएम को दोष कैसे देंगे। इसलिए हर कार्यकर्ता और हर नेता को पूरी मेहनत से इस चुनाव को जिताना होगा।” बोले- यूपी का चुनाव सिर्फ प्रदेश नहीं, पूरे देश का भविष्य तय करेगा नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सिर्फ प्रदेश की सरकार बदलने का चुनाव नहीं होगा, बल्कि पूरे देश की तकदीर और तस्वीर तय करेगा। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनते हैं तो संविधान और लोकतंत्र दोनों सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव पूरे देश की राजनीति की दिशा तय करेगा। इसलिए इसे हल्के में लेने की भूल नहीं करनी चाहिए। भाजपा पर लगाया दो-तिहाई बहुमत जुटाने की साजिश का आरोप लाल बिहारी यादव ने भाजपा पर सांसदों को तोड़कर संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में राजनीतिक घटनाक्रम इसी रणनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा दोबारा सत्ता में आ गई तो संसद में आवश्यक संख्या पूरी कर संविधान में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। 2029 का चुनाव नहीं होगा, संविधान और लोकतंत्र खत्म कर देंगे लाल बिहारी यादव ने कहा, “अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर सत्ता में आ गई तो 2029 का लोकसभा चुनाव नहीं होगा। संसद में दो-तिहाई बहुमत होने के बाद ये संविधान और लोकतंत्र समाप्त करने का प्रस्ताव पास कर देंगे। इसके बाद राजतंत्र जैसी व्यवस्था लागू कर देंगे और एक व्यक्ति 25 से 30 साल तक देश का राष्ट्राध्यक्ष रहेगा। चीन और रूस जैसी व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है।” उनके इस बयान के बाद बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी जोरदार समर्थन जताया। अखिलेश यादव को बताया लोकतंत्र बचाने का विकल्प नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के सामने समस्याएं बहुत हैं, लेकिन उनका समाधान केवल एक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्ता अखिलेश यादव के हाथों में देने से ही लोकतंत्र और संविधान सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर गरीब, पिछड़े, दलित और उपेक्षित वर्ग के लोगों से संवाद बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं का व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि लोगों को महसूस हो कि उनका कोई संरक्षक और शुभचिंतक उनके साथ खड़ा है। टीईटी खत्म करेगी अखिलेश सरकार नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर यूपी में हमारी सरकार आती है तो हम टीईटी को खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि मदरसों को जांच के नाम पर बदनाम किया जा रहा है। अगर अखिलेश यादव सीएम बनते है तो शिक्षकों की सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। कार्यकर्ताओं से गांवों में सक्रिय होने की अपील बैठक के अंत में लाल बिहारी यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि शहरों की राजनीति से आगे बढ़कर गांवों में संगठन को मजबूत करना होगा। गरीब और उपेक्षित समाज के बीच जाकर विश्वास पैदा करना ही आगामी चुनाव की सबसे बड़ी रणनीति होगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की नींव अभी से तैयार हो रही है और शिक्षक एमएलसी चुनाव उसी तैयारी का पहला चरण है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *