![]()
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दिव्य गुरु आशुतोष महाराज के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मज्ञानी वेदपाठियों के वैदिक मंत्रोच्चार से हुई। इसके बाद गुरु आरती और गुरु-भक्ति से जुड़े भजनों की प्रस्तुति ने पूरे प्रेक्षागृह को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भजनों के साथ गुरु वंदना कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। संस्थान की शिष्या साध्वी दीपा भारती ने प्रवचन में गुरु-शिष्य संबंध के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि पूर्ण गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मज्ञान के माध्यम से सतगुरु व्यक्ति के जीवन में आत्मबोध और आध्यात्मिक जागृति का मार्ग दिखाते हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्थान के युवा स्वयंसेवकों की ओर से प्रस्तुत गुरु-भक्ति पर आधारित नृत्य नाटिका रही। प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। अंत में सामूहिक ध्यान कराया गया, जिसमें विश्व शांति, मानव एकता और सभी प्राणियों के कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान समाज में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित करता है।
Source link