Sorting by

×




महोबा में रेलवे ट्रैक पर पैर से मिट्टी साफ कर रहे 15 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना कुलपहाड़ तहसील के जैतपुर कस्बे में हुई, जहां गोलू कुशवाहा नामक किशोर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह हादसा महोबा जनपद के कुलपहाड़ तहसील अंतर्गत बेलाताल-कुलपहाड़ रेलवे लाइन के ट्रैक पर हुआ। जैतपुर कस्बे के मोहल्ला जमीदारी सर्किट हाउस के पास रहने वाला गोलू कुशवाहा अपने खेत की रखवाली के लिए घर से निकला था।
बारिश के कारण रास्ते में काफी कीचड़ था। खेत जाने के लिए जब गोलू नहर के रास्ते से आगे बढ़ा, तो उसके पैरों में मिट्टी लग गई। इसी मिट्टी को छुड़ाने के लिए वह रेलवे ट्रैक के पास चला गया और पटरी के किनारे पैर साफ करने लगा। ठीक उसी वक्त ट्रैक पर एक तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई। गोलू जब तक कुछ समझ पाता, मालगाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के चाचा मातादीन और रामचरन ने बताया कि गोलू खेत पर जा रहा था और बारिश के कारण पैरों में मिट्टी लग गई थी। खेत जाने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है, सिर्फ नहर का ही रास्ता है। घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर चौकी प्रभारी सुजीत जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *