![]()
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रदेशव्यापी शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को जालौन के उरई के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान जिले के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। जिले के लिए यह अवसर विशेष रूप से गौरवपूर्ण रहा, क्योंकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोंच की शिक्षिका वंदना को उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उनके सम्मान से जिले के शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने इसे पूरे जनपद के लिए सम्मान की बात बताया। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री नटवरलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। इस अवसर पर राज्यमंत्री नटवरलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य और सम्मान के लिए शुरू की गई यह योजना शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने शिक्षकों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना सहित शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ मिल सके। कार्यक्रम के समापन पर जिले के पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Source link