![]()
कानपुर में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को नगर आयुक्त ने विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई के साथ शाम करीब 7 बजे रथयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। 16 जुलाई से शुरू होने वाले इस महोत्सव के लिए सड़क, नाली, साफ-सफाई, कूड़ा उठाने, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था, पैचवर्क का काम तय समय में पूरा करने का अधिकारियों को निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना से निरीक्षण की शुरुआत हुई। इसके बाद नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और एमएलसी सलिल विश्नोई ने अधिकारियों के साथ रूट का पैदल जायजा लिया गया और जहां भी गंदगी, सड़क पर गड्ढे, खराब स्ट्रीट लाइट या खुले बिजली के तार देखने को मिले, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शुरू होने से पहले सभी काम पूरे हो जाने चाहिए। सड़कें साफ और स्ट्रीट लाइट चालू रहने का दिया निर्देश नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। ऐसे में सड़कें साफ हों, स्ट्रीट लाइट पूरी तरह चालू रहें और पेयजल की व्यवस्था रहना चाहिए। इसके अलावा कहीं भी जलभराव जैसी स्थिति न बने। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। कोई भी लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि रथयात्रा के दौरान नगर निगम की टीमें लगातार फील्ड में मौजूद रहें और व्यवस्थाओं की निगरानी करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एमएलसी सलिल बिश्नोई के साथ पार्षद अमित गुप्ता, अभिषेक गुप्ता और आदर्श गुप्ता मौजूद रहे। वहीं, जगन्नाथ यात्रा समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए। नगर निगम की ओर से मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, जोनल अभियंता, जनरल स्वच्छता अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इन रूट पर निकलती है जगन्नाथ यात्रा भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा जनरलगंज बाइजी मंदिर से शुरू होकर काहूकोठी, नयागंज चौराहा, मारवाड़ी कॉलेज, नागेश्वर मंदिर, मनीराम बगिया और लाठी मोहाल से होती हुई जगन्नाथ जी की गली, जनरलगंज में संपन्न होगी।
Source link