![]()
चंदौली में नियामताबाद विकासखंड के मढ़िया गांव में सोमवार को नाला सफाई को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। स्थानीय युवक पंकज उर्फ गोलू नाले में कुर्सी डालकर बैठ गया और नियमित सफाई की मांग करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस और अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। युवक का आरोप था कि वर्षों से नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बरसात में जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। उसका कहना था कि सफाई के बाद निकाला गया कचरा लंबे समय तक नाले के किनारे पड़ा रहता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। उसने मुख्य निकासी स्थल की प्रभावी सफाई कराने और कचरा समय पर हटाने की मांग की। ग्राम प्रधान शंकर प्रसाद ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बरसात को देखते हुए नालों की सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक तत्काल कचरा हटाने की मांग कर रहा था, जबकि गीला कचरा उसी समय उठाना संभव नहीं होता। सामान्यतः कचरा एक-दो दिन सूखने के बाद हटाया जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या रही है, जिसे दूर करने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सूचना मिलने पर जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को समझाया और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उसकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक नाले से बाहर आ गया और मामला शांत हो गया।
Source link