![]()
चंदौली के नौगढ़ वन क्षेत्र में स्थित राजदारी-देवदारी जलप्रपात के पास चंद्रप्रभा नदी में रविवार शाम तीन सैलानी तेज बहाव में फंस गए। अचानक हुई भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से यह घटना हुई। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह घटना चंद्रप्रभा बांध से लगभग 800 मीटर दूर हुई, जहां सैलानी नदी में स्नान कर रहे थे। बारिश के कारण जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ा, जिससे वे बीच धार में फंस गए। सूचना मिलते ही चंद्रप्रभा चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिव जी शर्मा और कांस्टेबल सतीश यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में वन विभाग की टीम भी बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर रणनीति बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद नदी के तेज बहाव के बीच फंसे तीनों युवाओं को सकुशल बाहर निकाला। नदी में फंसे इन सैलानियों की पहचान चंदौली निवासी आनंद सिंह, वाराणसी के नदेसर निवासी अभिषेक जायसवाल और वाराणसी के चौकाघाट निवासी करण मौर्य के रूप में हुई है। बचाव अभियान के बाद सभी सैलानियों को आवश्यक प्राथमिक देखभाल दी गई और फिर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में नदियों और जलप्रपातों के आसपास सतर्क रहें। गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें, क्योंकि ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि सभी जलप्रपातों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी भी की जा रही है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Source link