![]()
चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में रविवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने गौतस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया। मालवाहक वाहन चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलकर भागने की कोशिश की, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने वाहन को पकड़कर पांच गौवंश बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया, लेकिन वाहन से बचने के दौरान सिपाही ऋषि सिंह और राबिन्स विश्वकर्मा घायल हो गए। भागने की कोशिश में मालवाहक वाहन कुछ दूरी पर जाकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद पुलिस ने चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के खुटहनिया गांव निवासी साजिद के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पांच गौवंश बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर सुरक्षित कराया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी साजिद ने बताया कि वह मिर्जापुर के बरकछा क्षेत्र से गौवंश लादकर बिहार के चैनपुर निवासी नसीम शाह के पास वध के उद्देश्य से ले जा रहा था। इसके एवज में उसे 5,000 रुपए मिलने थे। आरोपी ने यह भी बताया कि एक लग्जरी कार में सवार कुछ लोग आगे-आगे चलकर उसे रास्ते की लोकेशन और पुलिस की गतिविधियों की सूचना दे रहे थे। पुलिस को देखकर वे लोग मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link