Sorting by

×




चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में डेढ़ साल से क्षतिग्रस्त पुलिया आखिरकार बड़े हादसे की वजह बनते-बनते बच गई। बुधवार को चतुर्भुजपुर-अमावल मार्ग पर जर्जर पुलिया में एक स्कार्पियो फंस गई। वाहन में सवार लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाते हुए तत्काल नई पुलिया निर्माण की मांग की है। जर्जर पुलिया में फंसी स्कार्पियो चतुर्भुजपुर गांव के अमावल मार्ग पर घरचित माइनर पर बनी पुलिया वर्षों पुरानी है और पिछले करीब डेढ़ साल से क्षतिग्रस्त पड़ी है। बुधवार को इसी पुलिया से गुजर रही एक स्कार्पियो अचानक धंस गई। गनीमत रही कि वाहन पलटा नहीं और सवार लोग समय रहते बाहर निकल आए। तीन मीटर की पुलिया अब डेढ़ मीटर में सिमटी ग्रामीणों के अनुसार पुलिया का स्लैब टूट चुका है। पहले करीब तीन मीटर चौड़ी पुलिया अब केवल डेढ़ मीटर के सहारे चल रही है। ऐसे में बड़े वाहनों का निकलना लगभग असंभव हो गया है और हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है। हजारों लोगों की लाइफलाइन बना मार्ग यह सड़क दर्जनों गांवों को जोड़ती है। सकलडीहा रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री, बाबा कालेश्वरनाथ मंदिर के श्रद्धालु और चतुर्भुजपुर बाजार आने-जाने वाले हजारों लोग प्रतिदिन इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। पुलिया खराब होने से मरीजों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ‘बोर्ड लगा, जिम्मेदारी खत्म’ स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग ने पुलिया की मरम्मत कराने के बजाय केवल ‘सावधान, पुलिया जर्जर है’ का बोर्ड लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली। बच्चा सिंह, श्यामबिहारी सिंह, राकेश सिंह, पनारू सिंह और मिंटू सिंह सहित कई ग्रामीणों ने कहा कि अनेक शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जेई के स्थानांतरण की उठी मांग ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तैनात जूनियर इंजीनियर लंबे समय से लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने जेई के स्थानांतरण के साथ-साथ पुलिया का निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की है। एक्सईएन बोले- एस्टीमेट शासन को भेजा मामले पर अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राजेश कुमार ने बताया कि संबंधित जेई को तत्काल गड्ढे भरकर आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नई पुलिया निर्माण का एस्टीमेट शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *