Sorting by

×




ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर कई दिनों से चल रहा सफाई कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार शाम समाप्त हो गया। रविवार देर रात पुलिस कार्रवाई के बाद तनाव बढ़ गया था, लेकिन सोमवार को प्राधिकरण और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में सहमति बनने के बाद हिरासत में लिए गए सभी कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गेट नंबर-2 पर सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। उनकी प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी किया जाना, ठेका प्रथा समाप्त करना और सफाई कार्य के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना शामिल था। कर्मचारियों का कहना था कि कई दौर की बातचीत के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद रविवार देर रात पुलिस ने धरनास्थल से कई प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हिरासत में लेकर सूरजपुर पुलिस लाइन भेज दिया। इसकी जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह सफाई कर्मचारी पहले सिटी पार्क के पास जुटे। उनका प्राधिकरण कार्यालय तक मार्च निकालने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस कार्रवाई के चलते वे सुबह करीब 9 बजे सीधे सूरजपुर पुलिस लाइन पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ जबरन कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान कुछ अन्य कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया गया। कई घंटे चली वार्ता, बनी सहमति सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच कई घंटे तक वार्ता चली। बातचीत के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सहमति बनने के बाद विवाद समाप्त हो गया और कर्मचारियों ने आंदोलन खत्म करने का ऐलान कर दिया। सभी कर्मचारियों को किया गया रिहा एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि प्राधिकरण और सफाई कर्मचारियों के बीच वार्ता सफल रही। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद हिरासत में लिए गए सभी कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आवश्यक कदम उठाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *