![]()
मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के ददरी गांव की नई बस्ती में मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान राहुल कुमार पटेल की कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में मिलने पर पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने उन्हें बंधक भी बनाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रधान प्रशासक को मुक्त कराया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, ददरी गांव की नई बस्ती में एक महिला के घर ग्राम प्रधान राहुल कुमार पटेल के होने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने के बाद ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की पिटाई की। इस दौरान उन्हें कथित रूप से कुर्सी से बांध दिया गया। मारपीट में उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष लालगंज वेद प्रकाश पांडेय और बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी समझाइश और मशक्कत के बाद ग्राम प्रधान को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल प्रधान को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने सिर और पैर में गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय ने बताया की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link