Sorting by

×




पीलीभीत की पूरनपुर तहसील के बक्तापुर शिवपुरिया गांव में बुधवार दोपहर एक हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई कर रहे दो किसान आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवपुरिया गांव निवासी गंगाराम (60) पुत्र तोताराम और गयादीन (50) पुत्र नत्थू लाल बुधवार को अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों किसान खेत के किनारे खड़े एक पीपल के पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पीपल के पेड़ के पास गिरी। बिजली के इस जोरदार झटके की चपेट में आने से गंगाराम और गयादीन दोनों बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही अचेत हो गए। घटना होते ही आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों झुलसे हुए किसानों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में चिंता का माहौल है। पूरनपुर के SDM अजीत प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिवपुरिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों के झुलसने की सूचना मिली है। राजस्व टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया है ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और नियमानुसार प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *