![]()
देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र के मलवाबर बनरही गांव में सोमवार को खनुआ नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। अंकित कुशवाहा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है। दोस्तों के साथ नहाने गया था अंकित जानकारी के अनुसार, अंकित सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ खनुआ नदी के भकनवा घाट पर नहाने गया था। उसके दोस्त नदी में नहाते समय फोटो और वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान अंकित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, नदी से निकाला अंकित को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किशोर को बचाने के लिए नदी में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद अंकित को नदी से बाहर निकाला गया। उसका शव दोपहर करीब 3 बजे बरामद हुआ। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया परिजन अंकित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल अंकित की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के इकलौते बेटे की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना की पुष्टि की बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि किशोर दोस्तों के साथ नदी में नहाने और फोटो-वीडियो बनाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Source link