![]()
कौशांबी के कड़ाधाम क्षेत्र में पुलिस पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि थाने में तैनात एक दरोगा द्वारा कथित तौर पर ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगने और लगातार मानसिक दबाव बनाए जाने से परेशान होकर एक युवक ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मृतक के पिता मानसिंह के अनुसार, उनके बेटे संदीप सिंह का पत्नी आरती देवी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि 20 जून को आरती देवी अपने भाइयों के साथ मायके चली गईं और अपने साथ गहने व 3.60 लाख रुपये नकद भी ले गईं। इस संबंध में संदीप ने 21 जून को कड़ाधाम थाने में लिखित शिकायत दी थी। दरोगा पर रिश्वत मांगने का आरोप परिजनों का आरोप है कि 5 जुलाई को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद थाने में तैनात दरोगा फारुक अहमद ने संदीप को दोबारा बुलाकर कथित तौर पर ढाई लाख रुपये की मांग की और रुपये न देने पर जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि संदीप ने किसी तरह 50 हजार रुपये दिए, लेकिन बाद में शेष दो लाख रुपये के लिए भी उस पर दबाव बनाया गया। थाने के पास जहर खाने का आरोप परिजनों के मुताबिक, लगातार दबाव और आर्थिक परेशानी से मानसिक रूप से टूट चुके संदीप ने 6 जुलाई को थाने के पास ही जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कार्रवाई के आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन सोमवार शाम अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
Source link