![]()
कौशाम्बी के करारी थाना क्षेत्र स्थित उखैया खास मोड़ पर जमीनी विवाद के चलते चाचा-भतीजे पर हत्या का प्रयास किया गया। इस हमले में भतीजे का पैर टूट गया, जबकि चाचा को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करारी के अशोक नगर मोहल्ला निवासी हरिशंकर चौरसिया ने पुलिस को बताया कि उखैया खास मोड़ पर उनकी जमीन है। इस जमीन को लेकर अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। पूर्व में सक्षम अधिकारी के आदेश पर राजस्व टीम ने विपक्षियों द्वारा बनाई गई बाउंड्री को ध्वस्त भी कराया था। कुल्हाड़ी और फावड़े से किया हमला हरिशंकर चौरसिया के अनुसार, रविवार रात विपक्षी धर्मेंद्र चौरसिया, हरिकृष्ण उर्फ केशन, राकेश उर्फ रमेश, धर्मेंद्र पुत्र हरिकृष्ण, प्रतीक जायसवाल और प्रसून जायसवाल विवादित जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। जब हरिशंकर के पुत्र आनंद चौरसिया और भाई भोलेशंकर चौरसिया ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और फावड़े से हमला कर दिया। इस हमले में आनंद चौरसिया का पैर टूट गया और उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। भोलेशंकर चौरसिया के सिर पर गंभीर चोट लगी है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को बेहोशी की हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। कौशाम्बी के एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि यह घटना उनके संज्ञान में है। प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link