![]()
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को चंदौली जिले के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का दौरा किया। उन्होंने KVK परिसर में बेल का पौधा लगाया, बागवानी का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद किया। कुलपति ने किसानों को आधुनिक खेती के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान युग में वैज्ञानिक विधि से खेती करके ही किसान अधिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों को जागरूक करने और खेती की आधुनिक विधियों को अपनाने के लिए समय-समय पर गोष्ठी व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते हैं। उन्होंने चंदौली के KVK में किसानों को प्रशिक्षित करने की अपार संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि किसान खेती के अलावा बागवानी और पशुपालन से भी अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
कुलपति ने किसानों को रासायनिक खाद की जगह जैविक खाद का प्रयोग करने की सलाह दी, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। उन्होंने परंपरागत खेती के साथ-साथ मोटे अन्न की खेती पर भी जोर दिया, क्योंकि वर्तमान में इसकी मांग काफी अधिक है और यह किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक नरेंद्र रघुवंशी, जिला कृषि अधिकारी विनोद यादव, उप कृषि निदेशक भीमसेन, किसान रतन सिंह, रमेश राय, अजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Source link