![]()
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार देर रात साढ़े 11 बजे मथुरा के बलदेव क्षेत्र में किसानों ने कैंडल मार्च निकाला। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी का विरोध जताया और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। हनुमान तिराहे से निकला कैंडल मार्च भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात करीब 11:30 बजे बलदेव के हनुमान तिराहे पर एकत्र हुए। यहां से हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुआ। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। ‘लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा संघर्ष’ आगरा मंडल अध्यक्ष रामवीर सिंह तोमर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी की गिरफ्तारी से किसानों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि देर रात पुलिस ने जिले के कई पदाधिकारियों के आवासों पर निगरानी रखी और शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद संगठन ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। रामवीर सिंह तोमर ने कहा कि संगठन किसानों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा। रिहाई और बातचीत से समाधान की मांग प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गुरनाम सिंह चढ़ूनी की तत्काल रिहाई की मांग की। साथ ही किसानों से जुड़े मुद्दों का समाधान बातचीत के माध्यम से करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन भी पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रहा।
Source link