Sorting by

×




कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के बरगदिया पुरवा में शुक्रवार सुबह तेज बारिश के दौरान करीब दो सौ वर्ष पुराना विशाल बरगद का पेड़ अचानक एक मकान पर भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य किसी तरह मकान से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पेड़ के मकान पर गिरने से घर का मुख्य गेट पूरी तरह बंद हो गया है। इससे परिवार के लोगों को घर के अंदर आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरगदिया पुरवा निवासी संदीप प्राइवेट कर्मचारी हैं। परिवार में उनकी पत्नी संजू और एक बेटा है। संदीप के मुताबिक शुक्रवार सुबह क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान घर के पास खड़ा करीब दो सौ वर्ष पुराना विशाल बरगद का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। कुछ समझ पाते, इससे पहले पेड़ मकान की ओर जा गिरा। परिवार के सभी सदस्य तत्काल घर से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। हादसे के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। 112 पर दी सूचना, पुलिस पहुंची मौके पर हादसे के तत्काल बाद परिजनों ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पनकी थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने नगर निगम को पेड़ गिरने की जानकारी दी, ताकि रास्ता साफ कराने के साथ पेड़ को हटवाया जा सके। परिजनों के अनुसार सूचना मिलने के बाद नगर निगम के दो कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विशाल पेड़ को देखा, लेकिन पेड़ काफी बड़ा होने के कारण वापस चले गए। परिवार का आरोप है कि इसके बाद दोबारा कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। सुबह से पेड़ उसी तरह पड़ा हुआ है और घर का मुख्य रास्ता बंद होने के कारण परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *