![]()
कानपुर के नौबस्ता-रामादेवी फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। श्यामनगर स्थित भगवती पैलेस के सामने हुए इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक की पहचान जूही लाल कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय दीपक शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दीपक अपनी पत्नी नेहा विश्वकर्मा और बच्चों के पास श्यामनगर स्थित ससुराल जा रहे थे। वह जूही लाल से अपने 10 वर्षीय बच्चे के इलाज के लिए अस्पताल का नंबर लेकर ससुराल आ रहे थे। श्यामनगर स्थित भगवती पैलेस के सामने पहुंचते ही पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने दीपक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। पीआरवी पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि युवक ने हेलमेट पहना होता तो सिर में चोटें इतनी गंभीर नहीं होतीं। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल दीपक की पत्नी नेहा विश्वकर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और दीपक को हैलट अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। इस घटना से परिवार में चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link