Sorting by

×




कानपुर के जाजमऊ स्थित छवीलेपुरवा उपखंड क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सोमवार रात लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। तिवारीपुर मोहल्ले के दर्जनों लोग सड़क पर उतर आए और करीब एक घंटे तक बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने एसडीओ को फोन कर नाराजगी जताते हुए कहा कि एसडीओ साहब पब्लिक के फूफा या बहनोई नहीं हैं कि उनके सम्मान में घंटों इंतजार करें। तीन महीने से अघोषित कटौती का आरोप प्रदर्शन में शामिल गोलू, इमरान, ईशु समेत अन्य लोगों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बिजली काटी जा रही है। दिन हो या रात, घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापार भी प्रभावित, इनवर्टर भी दे रहे जवाब स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से घरेलू कामकाज के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। रात में लगातार कटौती के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है, जबकि लगातार बिजली न मिलने से इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग केवल आश्वासन देता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। पुलिस पहुंची, SDO ने दिया समाधान का आश्वासन हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे बिजली उपखंड कार्यालय का घेराव कर बड़ा आंदोलन करेंगे। एसडीओ सुरेश शाहू ने बताया कि उन्हें प्रदर्शन की सूचना मिली थी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *