Sorting by

×




कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते टेनरीकर्मी सूफियान पर हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने नई बस्ती निवासी नितिन उर्फ मल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल सूफियान की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। वह हैलट अस्पताल में जिंदगी-मौत से लड़ रहा है। परिजन लगातार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मोतीनगर निवासी रईस रानी ने बताया कि उनका बेटा सूफियान 31 अगस्त की रात दवाई लेकर घर लौट रहा था। वापसी दौरान रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर दिलशाद, वियाकुल, नन्नू, सुमित उर्फ राजा और तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में सूफियान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से भाग निकले। सूफियान के माथे की हड्डी पूरी तरह टूट गई है, जबकि चेहरे की हड्डियों में भी गंभीर चोट आई है। परिजन उसे तुरंत हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने बड़े ऑपरेशन की जरूरत बताई है। रईस रानी का आरोप है कि कुछ समय पहले आरोपियों से जुड़ा गांजे का एक वीडियो वायरल हुआ था। आरोपियों को शक था कि वीडियो सूफियान ने वायरल किया है। इसी बात को लेकर वे उससे रंजिश रखने लगे थे। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी कई दिनों से उनके बेटे का पीछा कर रहे थे और रास्ते में रोककर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का कहना है कि हमले में कई लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने अभी सिर्फ नितिन उर्फ मल्लू को गिरफ्तार किया है। उनका आरोप है कि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *