Sorting by

×




कानपुर देहात में कानपुर-झांसी हाईवे पर मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सड़क हादसा हो गया। झांसी से कानपुर लौट रही तेज रफ्तार इनोवा कार भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मावर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा में कार के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवे का डिवाइडर कार को चीरते हुए अंदर तक घुस गया। एक युवक का हाथ कटकर दूर जा गिरा, जबकि दोनों मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना को देखने वाले लोग सन्न रह गए। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो कानपुर नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान सुनील और अजय के रूप में हुई है। दोनों पहलवानपुर, आजाद नगर, थाना नवाबगंज, कानपुर नगर के रहने वाले थे। तेज रफ्तार के कारण हुई इस भीषण टक्कर में उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में कार ड्राइवर समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *