Sorting by

×




कानपुर के बाकरगंज चौराहे पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर धंस गया। लगातार खिसक रही मिट्टी के कारण यह गड्ढा पल-पल बड़ा और गहरा होता जा रहा है, जिससे आसपास की इमारतों पर ढहने का खतरा मंडराने लगा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है और सुरक्षा के लिहाज से पास के ‘जेपी पैलेस’ गेस्ट हाउस की मालकिन ज्योति गुप्ता को बिल्डिंग खाली करने को कहा है। 48 घंटे बीतने के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बुधवार सुबह 11 बजे जलकल और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे है। डॉट नाला या सीवर लीकेज? अफसरों के बीच उलझा सस्पेंस सड़क धंसे पूरे दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकारी महकमों के बीच अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह जानलेवा गड्ढा आखिर हुआ कैसे। जलकल विभाग का दावा है कि यह बरसों पुराना डॉट नाला है जो अचानक बैठ गया है, जबकि नगर निगम का अभियंत्रण विभाग इस बात को लेकर पूरी तरह असमंजस में है। मंगलवार को आला अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और गड्ढे में जमा हजारों लीटर पानी को पंप के जरिए बाहर निकाला। लेकिन कुछ ही देर में नीचे से दोबारा पानी भर गया, जिसके चलते जमीन की खोदाई का काम शुरू ही नहीं हो सका। फिलहाल हादसे वाली जगह को चारों तरफ से बैरिकेडिंग कर असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। बुधवार की खोदाई पर टिकी उम्मीदें नगर निगम के अधिशासी अभियंता आरपी तिवारी का कहना है,कि गड्ढे में बार-बार पानी आ जाने से काम में बड़ी रुकावट आ रही है। आसपास कोई सीवर लाइन नजर नहीं आ रही है, इसलिए शुरुआती तौर पर यह डॉट नाला ही लग रहा है। अब बुधवार को दोबारा होने वाली खोदाई के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी। इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि वहां नया चेंबर बनाना है या फिर सीधे पाइप डालकर सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। दुकानदारों में खौफ, बोले- अधिकारी रोज आ रहे पर समाधान कुछ नहीं
हादसे वाली जगह से महज कुछ दूरी पर दुकान चलाने वाले स्थानीय दुकानदार शाहनवाज हुसैन ने बुधवार 11 बजे बताया कि, यह घटना परसों रात की है। जब सुबह हम लोग दुकान खोलने पहुंचे तो सड़क पर इतना बड़ा कुआं देखकर दंग रह गए। नगर निगम के कर्मचारी और बड़े अधिकारी रोज आ रहे हैं, पाइप लगाकर पानी भी निकाला जा रहा है, लेकिन असल गड़बड़ी कहां है, यह किसी को समझ नहीं आ रहा है। जब तक मुख्य फॉल्ट नहीं मिलेगा, तब तक पक्का काम शुरू होना नामुमकिन है। गड्ढे में लगातार पानी भरा होने की वजह से आसपास के सभी दुकानदारों और निवासियों के मन में हर वक्त अनहोनी का डर सता रहा है। फिलहाल, प्रशासन ने धंसी हुई सड़क को सिर्फ पॉलिथीन से ढककर छोड़ दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *