![]()
काकादेव के नवीन नगर में हार्मोनी अपार्टमेंट को कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने मंगलवार को दोबारा सील कर दिया। अपार्टमेंट के एक फ्लैट की दीवार ढहने और बेसमेंट धंसने की घटना को 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केडीए और हरकोर्ट बटलर तकनीकी विश्वविद्यालय (HBTU) की अंतिम जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसे में अपार्टमेंट में रहने वाले करीब 50 परिवार अपने घरों से बेघर होकर रिश्तेदारों, किराए के मकानों और होटलों में रहने को मजबूर हैं। इन परिवारों का कहना है कि उन्हें न तो अपने घरों में जाने की अनुमति मिल रही है और न ही यह बताया जा रहा है कि आखिर कब तक इंतजार करना होगा। सोमवार को बिल्डर ने केडीए की नोटिस हटाकर और सील तोड़कर मरम्मत का काम शुरू करा दिया था। मामले की जानकारी मिलते ही केडीए ने दोबारा कार्रवाई करते हुए अपार्टमेंट को फिर से सील कर दिया। अब जब तक तकनीकी रिपोर्ट नहीं आती, तब तक यह तय नहीं हो पाएगा कि इमारत पूरी तरह सुरक्षित है या नहीं। केडीए ने अपार्टमेंट को फिर किया सील सोमवार को बिल्डर अशोक मेहरा ने दावा किया था कि निजी स्ट्रक्चरल इंजीनियरों, डिजाइनरों और प्रोजेक्ट कंसल्टेंट की रिपोर्ट में मुख्य भवन को सुरक्षित बताया गया है। इसी रिपोर्ट के आधार पर अपार्टमेंट की सील हटाई गई और मरम्मत शुरू करा दी गई। हालांकि केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि एचबीटीयू की आधिकारिक रिपोर्ट आने तक किसी भी तरह की अपार्टमेंट में रहने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं सील अपार्टमेंट में कुछ लोग रहने भी लगे थे। हालांकि मंगलवार को केडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अपार्टमेंट को फिर से सील कर दिया। बेघर हुए 50 परिवार दर-दर भटकने को मजबूर 3 जुलाई की सुबह बेसमेंट धंसने से एक फ्लैट की दीवार भरभराकर गिर गई थी। इस घटना के बाद एहतियातन 13 फ्लैट को खाली कराकर करीब 50 परिवारों को बाहर निकाला गया। केडीए ने अपार्टमेंट को सील कर एचबीटीयू से स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के निर्देश दिए। जांच के दौरान बिल्डर ने अपनी निजी एजेंसी से रिपोर्ट तैयार कराई, जिसमें मुख्य भवन को सुरक्षित बताया गया और नुकसान की वजह कम गहरी नींव, नगर निगम के नाले का खराब निर्माण, भारी बारिश और पास में चल रही मेट्रो टनलिंग को बताया गया। 12 दिन बाद भी केडीए की रिपोर्ट का इंतजार 14 जुलाई को बिल्डर ने KDA की नोटिस हटाकर और सील तोड़कर मरम्मत शुरू करा दी। इसके बाद अब केडीए ने दोबारा कार्रवाई करते हुए अपार्टमेंट को फिर से सील कर दिया। घटना के12 दिन बीत जाने बाद अब भी एचबीटीयू और केडीए की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।
Source link