![]()
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने ओवर हाइट और ओवर साइज DJ वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड बॉर्डर पर पुलिस ने कई DJ वाहनों की जांच की। इस दौरान मानक से अधिक ऊंचाई और चौड़ाई वाले वाहनों को रोककर अतिरिक्त सामान उतरवाया गया। निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। सीओ सदर राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बॉर्डर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा में शामिल DJ वाहनों के लिए पहले से ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ संचालक नियमों का उल्लंघन करते हुए अधिक ऊंचाई और चौड़ाई वाले DJ लेकर पहुंच गए। 12 फीट ऊंचाई और 10 फीट चौड़ाई का पालन अनिवार्य जांच के दौरान एक DJ वाहन निर्धारित 12 फीट ऊंचाई और 10 फीट चौड़ाई के मानकों से अधिक पाया गया। पुलिस ने वाहन को तत्काल रोक दिया और उस पर रखा अतिरिक्त सामान उतरवाया। दोबारा माप और जांच के बाद मानक पूरे होने पर ही वाहन को कांवड़ यात्रा मार्ग पर आगे जाने की अनुमति दी गई। 448 DJ संचालकों को पहले ही जारी किए गए थे नोटिस पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले जिले के 448 DJ संचालकों को नोटिस जारी कर शासन द्वारा तय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्राथमिकता यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर सीओ सदर राजू कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और चेकिंग अभियान की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि लाखों कांवड़ियों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी DJ वाहन को बिना जांच और मानक पूरे किए आगे नहीं जाने दिया जाएगा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link