![]()
हापुड़ में ऊंची दीवार पर पानी की टंकी का पाइप बदलते समय एक प्लंबर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पत्नी ने मकान मालिक दंपती पर लापरवाही और जबरन काम कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। यह घटना हापुड़ के रेलवे स्टेशन के पास एक मकान में हुई। सोमवार शाम 6 बजे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक ग्राम पटना निवासी सोनी ने बताया कि उनके पति भोलू पिछले करीब 10 वर्षों से रेलवे स्टेशन के सामने स्थित बॉम्बे ग्रुप स्कूल के पास रहने वाले प्रदीप त्यागी और उनकी पत्नी मंजू त्यागी के यहां प्लंबर का काम करते थे। टंकी का टूटा पाइप बदलने को कहा आरोप है कि 19 जून 2026 की शाम मंजू त्यागी ने भोलू को फोन कर घर बुलाया और ऊंची दीवार पर लगी टंकी का टूटा पाइप बदलने को कहा। भोलू ने सुरक्षा बेल्ट के बिना इतनी ऊंचाई पर चढ़ने से इनकार कर दिया था, जिससे दंपती कथित तौर पर नाराज हो गए। तहरीर के अनुसार, 20 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे एक व्यक्ति भोलू को दोबारा बुलाने घर पहुंचा। इसके बाद भोलू काम पर चला गया। दोपहर करीब 12 बजे दूसरे प्लंबर वेद ने परिजनों को सूचना दी कि पाइप बदलते समय सीढ़ी से गिरने से भोलू गंभीर रूप से घायल हो गया है। न्यूरो सर्जरी के बाद इलाज उसे पहले डॉ. खान नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए देवनंदनी अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसकी न्यूरो सर्जरी के बाद इलाज चल रहा है। पत्नी का आरोप है कि भोलू को 30 जून 2026 को होश आया। उसने बताया कि पहले मना करने के बावजूद प्रदीप त्यागी और मंजू त्यागी ने जिम्मेदारी लेने का भरोसा देकर उस पर जबरन सीढ़ी पर चढ़कर काम करने का दबाव बनाया था। इसी दौरान सीढ़ी गिरने से यह हादसा हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार शाम लगभग 6 बजे मामला दर्ज कर लिया है। सीओ अनीता चौहान का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Source link