Sorting by

×




उन्नाव के गंगाघाट स्थित एक शिव मंदिर में शिवलिंग पर बैठे नाग को चोरी करने का मामला सामने आया है। यह घटना 28 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे हुई, जो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोमवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मंदिर के अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। युवक कुछ देर तक शिवलिंग के पास खड़ा रहा। इसके बाद उसने शिवलिंग पर बैठे नाग को उतारकर अपने साथ लाए बैग में रख लिया। फुटेज में यह भी दिखा कि युवक ने वारदात को अंजाम देने से पहले और बाद में शिवलिंग के पैर छूकर छह बार नमन किया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, युवक ने पूरी घटना को महज 58 सेकंड में अंजाम दिया। नाग को बैग में रखने के बाद वह मंदिर से बाहर निकला और अपनी बाइक से फरार हो गया। घटना के समय युवक की सभी गतिविधियां कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर में शिवलिंग पर बैठा यह नाग काफी समय से देखा जा रहा था। युवक द्वारा इस तरह उसे उठाकर ले जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल से इस तरह की वस्तु ले जाना एक गंभीर मामला है और पुलिस को इसकी जांच कर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए। सोमवार दोपहर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस तक भी पहुंचा। हालांकि, गंगाघाट इंस्पेक्टर अजय सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामला संज्ञान में आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के संज्ञान में आने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक नाग को क्यों और कहां ले गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *