![]()
अयोध्या के खंडासा थाना क्षेत्र के धौरहरा मुकुन्दहा गांव में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहित रैदास पुत्र राम अचल के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद दोपहर में गांव में अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मोहित ने अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी, तो परिवार को इसकी जानकारी हुई। वे तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मोहित की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई सोहित ने बताया कि मोहित अविवाहित था। उसकी शादी के लिए रिश्ते आ रहे थे, लेकिन अभी कोई तय नहीं हुआ था। मोहित प्रदेश में मजदूरी करता था और जुलाई में गांव आया था। इसके बाद वह शहर वापस नहीं गया और गांव में ही टाइल्स लगाने का काम करने लगा था। मोहित चार भाइयों में सबसे बड़ा था, उसके बाद सोहित, राजन और सबसे छोटा सचिन है। परिवार के लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि मोहित ने यह कदम क्यों उठाया। खंडासा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने शनिवार 12 सितंबर को बताया कि परिवार के अनुसार, मोहित मानसिक रूप से अस्वस्थ था और पिछले करीब पांच साल से उसका इलाज चल रहा था। घटना के कारणों को लेकर परिवार भी कुछ साफ नहीं बता पा रहा है। फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link