![]()
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में कांठ रोड स्थित एक चाप की दुकान पर रविवार शाम दो गुटों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह घटना रविवार शाम करीब 4:45 बजे हुई। दुकान पर दो कर्मचारी मयंक और पुनीत मौजूद थे। दुकान मालिक का बेटा योगेंद्र सिंह किसी काम से घर गया हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो गाड़ियों में सवार पांच लोग दुकान पर खाना खाने पहुंचे थे। कुछ देर बाद एक अन्य कार से तीन-चार लोग वहां पहुंचे और अंदर बैठे लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंदर बैठे लोगों ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। दहशत में दुकान के कर्मचारी मयंक और पुनीत ने काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। फायरिंग के बाद दोनों गुट गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मुरादाबाद के थाना कांठ क्षेत्र के गांव सुंदरपुर चाऊपुरा निवासी रामपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गांव छावी में अमरोहा-कांठ रोड पर यह चाप की दुकान खोल रखी है, जिसे उनका बेटा योगेंद्र सिंह चलाता है। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार, इस मामले में दीपांशु देओल, विकास और विक्रांत ग्रेवाल नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान छह अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें कांठ थानाक्षेत्र के चांदखेड़ी निवासी अमन, रामनगर निवासी लवी, अमरोहा देहात के हाशनपुर निवासी अनित बेनिवाल, रजबपुर के निपनिया निवासी हिमांशु नागर और बगड़ी निवासी ओम शामिल हैं। कुछ अज्ञात लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने दीपांशु देओल (गांव इस्माइलपुर, थाना कांठ, मुरादाबाद) और विकास (गांव हाजरपुर जमनिया, थाना अमरोहा देहात) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Source link