![]()
सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बुढ़ानपुर गांव निवासी उदन कुमार पुत्र मिश्रीलाल ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते है। घटनाक्रम के अनुसार वह अपना ई-रिक्शा लेकर घर लौट रहे थे। जब वह टेडवा चिलौला के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उदन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान की जा सके। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल उदन कुमार की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link