Sorting by

×




शामली। गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब जेल में बंद गैंगस्टरों तक पहुंच गई है। करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पप्पू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रोहित को पुलिस रिमांड पर लेने की अर्जी पर सोमवार को जिला न्यायालय में सुनवाई होगी। पुलिस दोनों से हत्याकांड की साजिश और वारदात से जुड़े अहम बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है। पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में रिमांड अर्जी दाखिल की थी। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को इस पर सुनवाई होगी। पुलिस का मानना है कि दोनों से पूछताछ में हत्याकांड की साजिश, आरोपियों के आपसी संपर्क और वारदात से पहले व बाद की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। आमने-सामने पूछताछ से जोड़ेंगे पूरी कड़ी अंकित हत्याकांड की जांच में फरार शूटर्स की तलाश के साथ अब उन लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है, जिनके आरोपियों से संपर्क में रहने या साजिश में शामिल होने का शक है। पुलिस राकेश उर्फ पप्पू और रोहित से आमने-सामने पूछताछ कर हत्याकांड के पीछे की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास करेगी। पूछताछ में शूटर्स से संपर्क, हत्या की साजिश की जानकारी और वारदात को अंजाम देने के लिए संभावित मदद से जुड़े सवाल किए जा सकते हैं। सुमित-मोहित एनकाउंटर की अलग जांच शुरू इधर, अंकित हत्याकांड के दो कथित शूटर्स सुमित और मोहित के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के मामले की भी अलग जांच शुरू हो गई है। डीआईजी अभिषेक के निर्देश पर दो दिन पहले एनकाउंटर की जांच मुजफ्फरनगर पुलिस को सौंपी गई थी। अब जांच टीम ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। मुजफ्फरनगर पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। इसमें पुलिस की कार्रवाई, घटनास्थल, मुठभेड़ की परिस्थितियों और मौके से जुड़े अन्य तथ्यों को शामिल किया गया है। दो दिशाओं में आगे बढ़ रही जांच अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई अब दो दिशाओं में आगे बढ़ रही है। एक तरफ पप्पू और रोहित की रिमांड के जरिए हत्या की साजिश और आरोपियों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश होगी। दूसरी तरफ सुमित-मोहित एनकाउंटर की जांच में मुठभेड़ की वास्तविक परिस्थितियों और पुलिस कार्रवाई की पड़ताल की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश, सोशल मीडिया पर सामने आ रही धमकियों और विदेश में बैठे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बीच दोनों जांचों को हत्याकांड की आगे की कार्रवाई के लिए अहम माना जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *