Sorting by

×




जौनपुर पुलिस सोमवार की रात से एक्टिव मोड में है। वाराणसी निवासी गर्लफ्रेंड की गला रेतकर हत्या करने वाले गुजरात के रहने वाले बॉयफ्रेंड की एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद से जिले में जीरो टॉलरेंस नीति को लागू कराने के लिए अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम जलालपुर और केराकत थाने की पुलिस ने सोमवार की रात में मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस टीम ने बदमाशों को सरेंडर करने को कहा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके चार अन्य साथियों को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो बाइक बरामद की है। दरअसल, जलालपुर प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ सोमवार की रात में पराऊगंज के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक केराकत ने सूचना दी कि टेकुरीडीह के पास चेकिंग के दौरान दो बाइक पर सवार पांच संदिग्ध पुलिस को देखकर पराऊगंज की ओर भाग निकले हैं। सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस ने थोर-बिंदे टेकुरी मार्ग पर घेराबंदी कर दी। कुछ दूरी पर दोनों बाइके आती दिखाई दीं। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ओर से पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान सोनल वर्मा पुत्र संतोष वर्मा निवासी बीरमपुर, थाना केराकत के रूप में हुई। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में राजेश्वर पांडेय पुत्र नेहरू पांडेय निवासी एकौना, थाना गौराबादशाहपुर; अवनीश गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता निवासी बीरमपुर, थाना केराकत; बाबी कुमार पुत्र रामकुमार निवासी मकसूदा मंडी, नागरा, जालंधर (पंजाब) तथा रंजीत कुमार पुत्र रवि कुमार निवासी रतन नगर, डिवीजन नंबर-1, जालंधर (पंजाब) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बाइक बरामद की हैं। घायल बदमाश सोनल वर्मा के खिलाफ जलालपुर थाने में पहले से गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *