- Hindi News
- National
- Delhi Kalkaji Temple Minor Gangrape Case | Accused Arrested After Encounter
नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम की है। पुलिस ने बुधवार सुबह एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग अपने 17 साल के दोस्त के साथ मंदिर में दर्शन के लिए गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें धमकाया और नाबालिग का यौन शोषण किया।
दिल्ली में इस महीने नाबालिग से रेप का यह तीसरा मामला है। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 साल की नाबालिग की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। 16 सितंबर को सदर बाजार में 10 साल की बच्ची का रेप हुआ था।

रेप के दौरान नाबालिग के दोस्त को आरोपियों ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग और उसका दोस्त शाम करीब 7 बजे आस्था कुंज पार्क गए थे। करीब 7:30 बजे 25 से 30 साल के तीन युवक वहां पहुंचे।
उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को धमकाया। इसके बाद नाबालिग से रेप किया गया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उसके दोस्त को पकड़ रखा था।
रात 8:45 बजे मिली PCR कॉल
दिल्ली पुलिस को रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास गैंगरेप की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह एक आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस बाकी दो आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
