![]()
वाराणसी के चितईपुर क्षेत्र स्थित विश्वकर्मा नगर कॉलोनी में जलभराव और सीवर की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा रविवार को सड़क पर उतर आया। कॉलोनी के लोगों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर मार्च निकाला और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कॉलोनी में जलजमाव की तस्वीरें भी बैनर पर प्रदर्शित कीं और कहा कि वर्षों से समस्या झेलने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से लगातार शिकायत करने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला। स्थिति यह है कि बारिश होने पर तो जलभराव होता ही है, लेकिन बारिश नहीं होने पर भी नालियां जाम रहने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। कई गलियों में करीब एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा है। पानी का रंग हरा-काला हो चुका है और उसमें मच्छरों की भरमार है। 10 साल से समस्या, पांच साल से नगर निगम के चक्कर कॉलोनी निवासी नीलम सिंह ने बताया कि विश्वकर्मा नगर में जलभराव और सीवर की समस्या करीब 10 वर्षों से बनी हुई है। उनका कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों से कॉलोनी नगर निगम के दायरे में आने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई स्तर पर शिकायत की है। विधायक, पार्षद, मेयर और अधिकारियों के साथ ही नगर विकास मंत्री तक पत्र भेजे गए। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की गई। इसके अलावा स्मार्ट सिटी के ऐप सहित विभिन्न माध्यमों से शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन लोगों के मुताबिक अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। नीलम सिंह ने कहा कि कॉलोनी में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक रहते हैं। जलभराव के कारण बुजुर्गों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। किसी के बीमार होने पर उन्हें अस्पताल तक ले जाने में भी परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल पहुंचाने और वापस लाने में अभिभावकों को रोजाना दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी के गेट पर रोज हादसे का आरोप स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्वकर्मा नगर के गेट के आसपास सड़क की स्थिति बेहद खराब है। पानी और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन फिसलते हैं और आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई गलियों में पानी लंबे समय से जमा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों को डर है कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो डेंगू, मलेरिया और दूसरी जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभी तक जलभराव वाले इलाकों में नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव भी नहीं कराया गया। उनका कहना है कि निरीक्षण के लिए अधिकारी और जनप्रतिनिधि आते हैं, लेकिन निरीक्षण के बाद स्थायी काम शुरू नहीं होता। ‘काशीवासियों की सुविधा प्राथमिकता है तो यहां सुविधा कहां है?’ प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर यह कहा जाता है कि काशीवासियों की सुविधा प्राथमिकता है, लेकिन विश्वकर्मा नगर की स्थिति इसके उलट है। एक स्थानीय महिला ने कहा कि पार्षद, विधायक, मेयर और प्रदेश में सरकार एक ही दल की है। वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, इसके बावजूद स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर काम किस स्तर पर रुका हुआ है और ऐसी कौन सी अड़चन है, जिसकी वजह से वर्षों बाद भी सीवर और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि जिस रास्ते से प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सड़क का काम कराया गया था, बारिश के बाद उसकी स्थिति भी खराब हो गई है। लोगों ने मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। एक सप्ताह में समाधान नहीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी कॉलोनी निवासी उमेश सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक, बच्चे और बुजुर्ग लगातार पानी में गिर रहे हैं। लोगों को दवा, राशन और घरेलू सामान तक लाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सीवर और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ विश्वकर्मा नगर तक सीमित नहीं है, बल्कि चितईपुर क्षेत्र के बड़े हिस्से में जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। लोगों की मांग है कि स्थायी सीवर लाइन बिछाने का काम तत्काल शुरू किया जाए।
Source link